Jabalpur News: टॉयलेट करने गए और गायब हो गई बाइक, CCTV और मुखबिर की मदद से पकड़ाया शातिर गिरोह; चाबी देखते ही कर देते थे पार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
रांझी थाना पुलिस ने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी बाइक चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों हिमांशु सोनी (25) और हिमांशु झारिया (28) के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

टॉयलेट करने गए, चाबी लगी बाइक लेकर भागे

पहली घटना 27 जुलाई की रात शोभापुर चौराहे के पास हुई थी। अश्वनी सिंह (42) अपनी हीरो सीबीजेड बाइक सड़क किनारे खड़ी कर टॉयलेट करने गए थे। उन्होंने बाइक में चाबी लगी छोड़ दी थी। इसी दौरान आरोपी बाइक लेकर फरार हो गए।

दूसरी घटना 16 सितंबर को हुई। सदर निवासी हर्ष गुप्ता (19) ने ऊषा मेडिकल के सामने अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक खड़ी की थी और दवाई लेने चले गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए

दोनों मामलों की शिकायत मिलने के बाद रांझी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई।

पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर 23 सितंबर को दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।

चोरी की दो बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम (एमपी 22 एमडी 3093) और हीरो स्प्लेंडर प्लस (एमपी 20 एक्सडी 1140) बरामद की हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि बाइक या अन्य वाहन खड़ा करते समय चाबी वाहन में लगी न छोड़ें और वाहन को लॉक करके सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post