MP News: चेहरे पर मास्क लगाकर सराफा पहुंचीं दिव्या दत्ता, भाई के साथ लिया स्ट्रीट फूड का स्वाद

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। बॉलीवुड अभिनेत्री और लेखिका दिव्या दत्ता बुधवार रात अपने भाई डॉ. राहुल एस. दत्ता के साथ इंदौर के प्रसिद्ध सराफा बाजार पहुंचीं। लोगों की नजरों से बचने के लिए दिव्या ने चेहरे पर मास्क और सिर पर स्कार्फ लगा रखा था। उन्होंने पहचान छिपाकर सराफा के लेट नाइट फूड मार्केट का जमकर आनंद लिया।

दिव्या दत्ता ने भाई के साथ सराफा बाजार में छोले टिकिया, पापड़ी चाट, गराडू और कोकोनट क्रश का स्वाद लिया। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दोनों स्ट्रीट फूड का लुत्फ उठाते और बाजार की रौनक के बीच मस्ती करते नजर आ रहे हैं।

सोशल मीडिया पर शेयर किया अनुभव

सराफा बाजार का वीडियो शेयर करते हुए दिव्या दत्ता ने लिखा, “Absolutely loved the Sarafa Bazaar in Indore!! What a fab concept of late night food market!! Aur chup ke khaane ka mazzaaa hi aur hai.”

दिव्या की ‘चुप के खाने’ वाली बात सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आई। पोस्ट पर इंदौर के लोगों ने उनका स्वागत किया और सराफा के व्यंजनों का आनंद लेने पर शुभकामनाएं दीं। कुछ यूजर्स ने उनके सराफा पहुंचने को प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन से भी जोड़ा और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

दिन में ज्वेलरी मार्केट, रात में बन जाता है फूड स्ट्रीट

इंदौर का सराफा बाजार दिन में ज्वेलरी कारोबार के लिए प्रसिद्ध है, जबकि रात होते ही यही इलाका फूड स्ट्रीट में बदल जाता है। यहां रात में पोहा-जलेबी, गराडू, पापड़ी चाट, भुट्टे का किस, मलाई पान, कुल्फी सहित कई तरह के स्थानीय और स्ट्रीट फूड के स्टॉल सजते हैं।

देर रात तक यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बाजार की रोशनी, भीड़ और अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद सराफा को इंदौर की खास पहचान बनाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post