Jabalpur News: बरगी बांध के फिर खुले 5 गेट, जलस्तर 422.90 मीटर पहुंचा, नर्मदा घाटों पर 3 से 4 फीट बढ़ेगा पानी; देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में लगातार हो रही बारिश और बरगी बांध में बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए शुक्रवार शाम 6 बजे बांध के 5 गेट एक-एक मीटर तक खोल दिए गए। बांध का जलस्तर 422.90 मीटर पहुंचने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए 780 क्यूमेक पानी प्रति सेकंड की दर से छोड़ा जा रहा है।

पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट बढ़ने की संभावना है। बांध प्रबंधन ने लोगों से नर्मदा के घाटों और तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

बांध में 101.16 प्रतिशत जल भंडारण

बरगी बांध प्रबंधन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे बांध का जलस्तर 422.90 मीटर दर्ज किया गया। बांध की वास्तविक उपयोगी जल भंडारण क्षमता 3180 एमसीएम के मुकाबले वर्तमान में 3217 एमसीएम यानी 101.16 प्रतिशत पानी भंडारित है। बांध में पानी की आवक 763 क्यूमेक बनी हुई है।

बारिश और मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए छोड़ा पानी


जलभराव क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए बांध का जलस्तर नियंत्रित करने के लिए जलद्वार खोले गए हैं। बांध से पानी की निकासी की मात्रा पानी की आवक के अनुसार कभी भी घटाई या बढ़ाई जा सकती है।

घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील

बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा के घाटों पर जलस्तर बढ़ने की संभावना है। ऐसे में बांध प्रबंधन ने आम लोगों से घाटों और नदी के तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

पहले 3 सितंबर को खुले थे 13 गेट

इससे पहले 3 सितंबर को बरगी बांध के 13 गेट खोले गए थे। उस समय पानी की निकासी 1130 क्यूमेक से बढ़ाकर 3802 क्यूमेक की गई थी और गेट औसतन 1.96 मीटर तक खोले गए थे। इसके चलते नर्मदा के घाटों पर जलस्तर करीब 7 से 8 फीट तक बढ़ गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post