Jabalpur News: खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, दरबार रेस्टोरेंट की किचन में मिले कॉकरोच और गंदगी, बगलामुखी से समोसा-कचौड़ी के सैंपल जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री के निर्माण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आकस्मिक जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार टीम ने दीनदयाल बस स्टैंड स्थित होटल बगलामुखी, होटल माई की रसोई और शंकर होटल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में भोजन एवं नाश्ता बनाए जाने वाले स्थानों पर साफ-सफाई की कमी पाई गई। होटल बगलामुखी से समोसे और कचौड़ी के सैंपल जांच के लिए लिए गए।

अधिकारियों ने संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने, संग्रहित करने और बेचने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशों का पालन नहीं करने पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

दरबार रेस्टोरेंट में मिली गंदगी, कॉकरोच भी पाए गए

इसी अभियान के तहत जयंती कॉम्प्लेक्स के पास स्थित दरबार रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार रेस्टोरेंट के किचन और स्टोर में अत्यधिक गंदगी पाई गई। ड्रेनेज की सफाई नहीं होने के कारण पूरे परिसर में बदबू होने की बात भी सामने आई। वहीं, किचन और स्टोरेज में जगह-जगह कॉकरोच घूमते हुए पाए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दरबार रेस्टोरेंट को नियमानुसार धारा 32 के तहत नोटिस दिया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सुधार नहीं किए जाने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड करने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यहां से पनीर का सैंपल भी जांच के लिए लिया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान लिए गए सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post