सड़क निरीक्षण के दौरान आपा खो बैठे मंत्री प्रवेश वर्मा! मोबाइल से वीडियो बना रहे युवक को जड़ा थप्पड़, देखें वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वह सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो आम आदमी पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से शेयर किया है। 

बताया जा रहा है कि प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह भी मौके पर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए। जरनैल सिंह ने सड़क का उखड़ा हुआ हिस्सा दिखाते हुए निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाया। दोनों के बीच इस दौरान बहस भी हुई। 

इसी दौरान एक युवक मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बना रहा था। वायरल वीडियो में प्रवेश वर्मा युवक के पास जाते और उसे थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने युवक को वहां से दूर कर दिया। घटना के बाद मौके पर हंगामा भी हुआ। 

AAP ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सवाल किए जाने के बाद युवक को थप्पड़ मारा गया। वहीं, इस घटना को लेकर AAP विधायक जरनैल सिंह ने प्रवेश वर्मा के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की बात कही है। 

वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा। पार्टी ने घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी वीडियो शेयर करते हुए प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की और घटनास्थल पर जाने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post