Jabalpur News: शहपुरा टोल नाका तत्काल प्रभाव से बंद, गडकरी ने दिए आदेश, क्षतिग्रस्त रेलवे ब्रिज के कारण यातायात डायवर्ट, 24 दिन से जारी थी टोल वसूली; मंत्री राकेश सिंह ने लिखा था पत्र

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-भोपाल मार्ग पर स्थित शहपुरा टोल प्लाजा को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। शहपुरा रेलवे ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है। इसके बावजूद टोल वसूली जारी रहने का मामला सामने आने के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था।

करीब 400 करोड़ रुपए की लागत से बने शहपुरा ओवरब्रिज का एक हिस्सा फरवरी 2026 में क्षतिग्रस्त होकर धंस गया था। इसके बाद वाहनों का आवागमन दूसरे मार्ग से शुरू किया गया, लेकिन कुछ समय बाद वह मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते दोनों मार्गों पर यातायात बंद कर दिया गया और वाहनों को पाटन होकर वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है।

मंत्री के निर्देश के बाद भी जारी रही वसूली

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने करीब चार सप्ताह पहले भोपाल में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान शहपुरा रेलवे ब्रिज क्षतिग्रस्त होने और यातायात डायवर्ट किए जाने को देखते हुए टोल वसूली तत्काल बंद करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद टोल वसूली करीब 24 दिन तक जारी रही।

टोल संचालक की ओर से बताया गया था कि एनएचएआई से टोल बंद करने के संबंध में निर्देश नहीं मिले हैं। इसके बाद मंत्री राकेश सिंह ने 22 सितंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहपुरा आरओबी का काम पूरा होने तक टोल प्लाजा की वसूली स्थगित करने का अनुरोध किया था।

पाटन होकर गुजर रहे वाहन

मंत्री राकेश सिंह ने पत्र में बताया था कि शहपुरा आरओबी के एप्रोच में क्षति के कारण सुरक्षा की दृष्टि से यातायात को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। वर्तमान में जबलपुर आने-जाने वाले वाहनों को पाटन होकर जाना पड़ रहा है। इससे वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ ही अधिक समय भी लग रहा है।

उन्होंने बताया था कि पुल की स्थिति का सीआरआरआई और ब्रिज विशेषज्ञों से तकनीकी परीक्षण कराया जा रहा है तथा पुनर्निर्माण की कार्रवाई की जा रही है।

गडकरी ने दी मंजूरी

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के पत्र पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली बंद करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही तत्काल प्रभाव से टोल वसूली बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post