Jabalpur News: “चाबी टूट गई है, बाजार से लाते हैं”... बदमाशों ने ब्यूटीशियन की अलमारी से उड़ाए लाखों के जेवर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के स्नेह नगर में चाबी बनाने और अलमारी सुधारने के बहाने घर में घुसे दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला ब्यूटीशियन को चकमा देकर अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के कीमती जेवर पार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाबी टूटने का बहाना बनाकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़िता की शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्नेह नगर निवासी 52 वर्षीया मीनाक्षी नायडू, जो पेशे से ब्यूटीशियन हैं, शनिवार दोपहर लगभग 3:30 बजे अपने घर पर थीं। इसी दौरान घर के बाहर दो व्यक्ति पंजाबी लुक में सिर पर काली पगड़ी बांधे ताले की चाबी बनवाने की आवाज लगाते हुए निकले। मीनाक्षी ने उन्हें रोककर अपनी गोदरेज अलमारी का टूटा हैंडल सुधारने को कहा, जिस पर दोनों युवक घर के अंदर आ गए और काम शुरू कर दिया।

इसी बीच जब महिला किचन में गैस बंद करने गई, तो आरोपियों ने चालाकी से अलमारी का लॉकर खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर उड़ा लिए। महिला के वापस आने पर शातिरों ने कहा कि चाबी अंदर टूट गई है और वे बाजार से दूसरी चाबी लेकर आते हैं, इतना कहकर वे भाग निकले। संदेह होने पर जब पीड़िता ने लॉकर चेक किया तो उसमें रखी सोने की 1 चेन, 2 अंगूठी, 4 जोड़ी कान के टॉप्स तथा चांदी की 5 जोड़ी पायल और 4 जोड़ी बिछिया गायब थीं।

पीड़िता के अनुसार, एक आरोपी पीले रंग की टी-शर्ट और मटमैले रंग की पैंट पहने था, जबकि दूसरा क्रीम कलर की शर्ट और हल्के नीले रंग का पाजामा पहने हुए था। मदनमहल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की शिनाख्त में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post