दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लावारिस स्कॉर्पियो वाहन से 136 किलो 84 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 68 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है। वाहन में नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि तलाशी के दौरान अंदर से उत्तर प्रदेश की नंबर प्लेट बरामद हुई है।
भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि 17 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि चौकीताल नहर के पास एक संदिग्ध वाहन खड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो चौकीताल-लम्हेटा मोड़ के पास नहर किनारे कच्चे रास्ते पर काले रंग की स्कॉर्पियो खड़ी मिली। वाहन में बाहर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। जांच करने पर स्कॉर्पियो की पीछे वाली सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ मिला, जबकि पीछे की तरफ बाएं पहिए का टायर भी फटा हुआ था।
पुलिस ने वाहन की डिक्की की तलाशी ली तो खाकी रंग के टेप से लिपटे हुए 12 पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा भरा होना पाया गया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए गांजे की तौल कराई गई, जिसमें कुल वजन 136 किलो 84 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 42 हजार रुपए आंकी गई है।
वाहन के अंदर तलाशी के दौरान एक नंबर प्लेट भी मिली, जिस पर यूपी 57 सीसी 7869 अंकित था। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन और गांजे को जब्त कर लिया है। मामले में स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब वाहन और गांजे के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
