दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बिना कानूनी तलाक लिए दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। मामले में पहली पत्नी दिशा जाट के भाई सुमित कुमार जाट ने गंभीर आरोप लगाते हुए संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सुमित कुमार जाट के मुताबिक, उनकी बहन दिशा जाट का विवाह वर्ष 2018 में शुभांशु जाट के साथ हुआ था, जो पंजाब नेशनल बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि शुभांशु जाट ने पहली पत्नी से कानूनी रूप से तलाक लिए बिना दूसरी महिला से संबंध बनाए और दूसरा विवाह कर लिया। परिवार का दावा है कि पहली पत्नी के संबंध में न्यायालय से तलाक की कोई डिक्री जारी नहीं हुई है, बल्कि उनके पक्ष में वैवाहिक अधिकारों की बहाली (रेस्टिट्यूशन ऑफ कंजुगल राइट्स) की डिक्री भी मौजूद है।
मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब परिवार को जानकारी मिली कि दूसरी महिला ने एक अस्पताल में पुत्री को जन्म दिया है। इसके बाद पीड़ित परिवार अस्पताल पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन के साथ पुलिस को भी दी।
सुमित कुमार जाट ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेशों और कानून का पालन सुनिश्चित होना चाहिए, ताकि किसी के वैवाहिक जीवन और अधिकारों के साथ अन्याय न हो।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित दस्तावेजों और नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Tags
jabalpur
