Jabalpur News: चांदमारी तलैया के पास से 1 किलो 7 ग्राम गांजे के साथ महिला गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घमापुर पुलिस ने एक महिला को गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के घर की अलमारी से 1 किलो 7 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।

घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदमारी तलैया टेस्टिंग रोड पहाड़ के पास एक महिला गांजा बेचने के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।

इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की एक महिला पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रीता कुचबंधिया (40 वर्ष), निवासी लालमाटी, चांदमारी टेस्टिंग रोड, घमापुर बताया।

पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली तो महिला के घर के अंदर कमरे में रखी अलमारी से एक थैले में पुड़ियों के अंदर रखा गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 1 किलो 7 ग्राम निकला। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post