Jabalpur News: चांदनी चौक फीडर और बहोराबाग में बिजली विभाग की रेड, मीटर में छेड़छाड़ कर चोरी करते पकड़े गए 9 मामले

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विद्युत विभाग के पूर्व संभाग द्वारा चलाए जा रहे रूटीन चेकिंग अभियान के तहत बिजली चोरी के 9 मामले पकड़े गए हैं। चांदनी चौक फीडर और बहोराबाग क्षेत्र में की गई जांच के दौरान यह मामले सामने आए। सबसे चौंकाने वाला मामला बूढ़ी खेरमाई के समीप स्थित एक बिल्डिंग का है, जहां लगे 9 बिजली मीटरों में से 6 में छेड़छाड़ कर बिजली चोरी की जा रही थी।

पूर्व संभाग के कार्यपालक अभियंता हरीश गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान एक ही परिसर में लगे सभी 9 बिजली मीटरों की जांच की गई। इसमें 6 मीटरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग होना पाया गया। एक मीटर में सीधे सर्विस लाइन को बाईपास कर बिजली चोरी की जा रही थी, जबकि अन्य 5 मीटरों में नीचे की तरफ छेद कर करंट ट्रांसफार्मर (CT) को काटने के साथ बाईपास किया गया था। इस तरीके से मीटर की रीडिंग धीमी कर बिजली की खपत कम दर्शाने का प्रयास किया जा रहा था।

वहीं, विभागीय टीम ने बहोराबाग क्षेत्र में भी जांच के दौरान बिजली चोरी के 3 अन्य मामले पकड़े। इस तरह रूटीन चेकिंग अभियान में कुल 9 प्रकरण सामने आए हैं।

कार्यपालक अभियंता हरीश गुप्ता के मुताबिक, सभी मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। अब संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया कार्यालय स्तर पर की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post