दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा की कार्यप्रणाली को लेकर चल रहा विवाद अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) तक पहुंच गया है। कुलगुरु को पद से हटाने और विश्वविद्यालय में मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 52 लागू करने की मांग को लेकर की गई शिकायत पर पीएमओ ने मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, उच्च शिक्षा विभाग ने भी मामले में जबलपुर संभागायुक्त से शिकायतों पर बिंदुवार तथ्यात्मक प्रतिवेदन और स्पष्ट अभिमत मांगा है।
जानकारी के अनुसार, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय यादव ने 24 अगस्त 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम शिकायत भेजी थी। पीएमओ के अनुभाग अधिकारी कुमार राजीव रंजन की ओर से 8 सितंबर 2026 को जारी पत्र में मुख्य सचिव को शिकायत पर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने, शिकायतकर्ता को जवाब देने और कार्रवाई की प्रति पीएमओ पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायत में कर्मचारी संघ ने कुलगुरु के कार्यकाल के दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। संघ का आरोप है कि उनकी कार्यप्रणाली से प्रशासनिक व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, जिसका असर कर्मचारियों के साथ विद्यार्थियों पर भी पड़ रहा है। संघ ने कुलगुरु को पद से हटाने और विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने की मांग की है।
राज्यपाल से लेकर पीएमओ तक पहुंचा मामला
कुलगुरु के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला इससे पहले भी सामने आ चुका है। 20 जून 2026 को कर्मचारी संघ और विभिन्न छात्र संगठनों ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच और विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने की मांग की थी। इसके बाद 22 जुलाई 2026 को राज्यपाल सचिवालय ने उच्च शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके अलावा लोक सेवा प्रबंधन विभाग के माध्यम से भी कुलगुरु के खिलाफ शिकायतें उच्च शिक्षा विभाग तक पहुंची हैं। इनमें नियुक्ति प्रक्रिया, प्रशासनिक कार्यप्रणाली, न्यायालयीन प्रकरणों और विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए हैं।
कथित राजनीतिक और पारिवारिक संबंधों पर भी उठाए सवाल
शिकायतकर्ताओं ने कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा के कथित राजनीतिक और संगठनात्मक संबंधों का भी उल्लेख किया है। शिकायतों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ाव और मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले अशोक कड़ेल से कथित पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए इन संबंधों के प्रभाव की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
संभागायुक्त से मांगा बिंदुवार प्रतिवेदन
मामले में 2 नवंबर 2026 को उच्च शिक्षा विभाग ने जबलपुर संभागायुक्त को पत्र जारी कर कुलगुरु के विरुद्ध प्राप्त सभी शिकायतों पर बिंदुवार तथ्यात्मक प्रतिवेदन और स्पष्ट अभिमत मांगा है। विभाग ने शिकायतों में उठाए गए प्रत्येक बिंदु पर तथ्यों का परीक्षण कर अपनी राय देने को कहा है। इससे अब मामले में संभागायुक्त स्तर पर भी प्रशासनिक परीक्षण शुरू होने का रास्ता साफ हुआ है।
कुलगुरु ने शिकायतकर्ता पर लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर, कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने शिकायतकर्ता संजय यादव के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर ही गंभीर सवाल उठाए हैं। कुलगुरु का कहना है कि संजय यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उनके मुताबिक, पूर्व में कुलगुरु की गाड़ी में टक्कर मारने और मेडिकल सेक्स स्कैंडल में कथित संलिप्तता के चलते उसे बर्खास्त किया गया था। हालांकि, बाद में उसने कथित तौर पर जुगाड़ लगाकर दोबारा नौकरी हासिल कर ली। कुलगुरु का यह भी आरोप है कि संजय यादव अभी भी अनियमित गतिविधियों में शामिल था और नौकरी पर वापस लौटना चाहता है। इसी वजह से उसने पीएमओ को शिकायत भेजी है।
Tags
jabalpur
