दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अनूपपुर। जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खोडरी गांव की जर्राटोला पंचायत स्थित आरोग्यधाम मंदिर के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, छतई गांव निवासी कुमान सिंह अपनी पत्नी ज्योति अगरिया (30) और तीन बच्चों के साथ पिपरटोला से अपने गांव लौट रहे थे। इनमें एक बच्चा उनके रिश्तेदार का भी बताया जा रहा है। वहीं, दूसरी बाइक पर निमहा गांव निवासी दो सगे भाई हंसराज सिंह गोंड़ और रामसिंह गोंड़ सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में कुमान सिंह और एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामसिंह गोंड़ ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई।
दुर्घटना में कुमान सिंह की पत्नी ज्योति अगरिया, हंसराज सिंह गोंड़ और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया है। एक बच्चे को अपेक्षाकृत कम चोट आई है।
एसपी अंकित सोनी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का उपचार जारी है। फिलहाल गंभीर रूप से घायल लोग बोलने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
