Jabalpur News: एमएमटी रोड पर दीवार पर लिखा मिला 'RSS बैन', पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के होम साइंस कॉलेज के पीछे स्थित एमएमटी रोड पर एक दीवार पर ‘RSS बैन’ लिखे जाने का मामला सामने आया है। दीवार पर यह नारा लिखे जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और पेंट कर लिखावट को मिटा दिया। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया है।

संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस हरकत को सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश बताते हुए दीवार पर नारा लिखने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से क्षेत्र में अनावश्यक तनाव पैदा हो सकता है।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि दीवार पर लिखावट करने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का प्रयास है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे तथा किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post